मेरे दिल के कब्रगाह का नींव का पत्थर

9:04 PM Sunil Chaudhary 2 Comments

दरअसल मेरा दिल एक कब्रगाह है । इसके बाहर इक लाल रंग के बोर्ड पर बड़े बड़े शब्दों में चेतावनी लिखी हुयी है ..
'सावधान, आगे ख़तरा है!' ।

कुछ साल पहले की बात है मेरे अंदर का इक मासूम सा लड़का इश्क़ में मर मिटा था । यूँ उसके मिटने की वजह मैं ही था पर मैं जानता हूँ कि वो लड़का मुझे माफ़ कर देगा । उसकी फितरत ही ऐसी थी कुछ ..जान दे देने की...
इश्क़ में न मरता तो किसी वाहियात से इन्किलाब जिंदाबाद वाले आन्दोलन में भाग लेकर पुलिस की गोली खाता और मर जाता । बमुश्किल बीस साल की उम्र और दुनिया बदल देने के तेवर ।
क्रांतिकारी था...
नेता था...
लोग उसे सिर आँखों पर बिठाते थे । उसका बात करने का ढंग बहुत प्रभावी था । जिधर से गुज़रता लोग बात करने को लालायित रहते ।
फिर ऐसा क्या हुआ कि उसे बंद कमरे और बंद खिड़कियाँ रास आने लगीं ?
दरअसल उसे इश्क़ हो गया था ।
उसके दोस्तों को महोब्बत डायन लगती थी...
उसने उसे उन सबसे छीन कर अपने आँचल के अंधेरों में पनाह दे दी थी...
अब दिन की रौशनी में उसकी आँखें चुंधियाती थीं ।
वो मर रहा था और मेरे शब्द जिन्दा होने लगे थे...
उसके चेहरे का तेज़ अब मेरे शब्दों में उतरने लगा था।
मैंने पहली बार जाना कि शब्दों में जान डालने के लिए किसी की जान लेनी पड़ती है , उनका अपना कुछ नहीं होता ।
जैसे जैसे मेरे शब्दों में रौशनी आने लगी, उसकी सांसें बुझने लगीं ।
उस वक़्त किसी को मुझे बता देना चाहिए था कि इस तिलिस्म से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिलेगा बाद में मुझे । कि शब्दों की ऐसी तंत्र साधना मुझे ही नहीं मेरे इर्द गिर्द के सारे वातावरण को सियाह कर देगी ।
वो लड़का सबसे अलग था ।
इस तरह शब्दों के लिए जान देने वाला कोई अब तक न तो शब्दों को मिला था...
न इश्क़ को...
न मुझको...
वो मेरे दिल के कब्रगाह का नींव का पत्थर था...
हाँ वो पत्थर जो कि मैंने उसकी कब्र पर लगाया था और फिर उसपर अपनी पहली कविता खुदवाई थी । धीरे धीरे उस इकलौती कब्र के पत्थर को देखने आप सब पहुँचने लगे थे । दिल की गलियां बहुत पेंचदार थीं मगर वहां कोई गहरा निर्वात था जो आप सबको को अपनी ओर खींचता था...
जिंदगी बहुत आकर्षक होती है...
उसी तरह आकर्षक होते है जिन्दा शब्द भी ।

उस लड़के की लाश मेरे दुस्वप्नों में कई दिनों तक आती रही ।उसके बदन की गंध से मेरी उँगलियाँ छिलती थीं । कोई एंटीसेप्टिक सी गंध थी...
डेटोल जैसी...
बचपन के घाव जैसी दुखती थी । मुझे उसकी मासूमियत का पता नहीं था ।
मैं उसे अपनी रूह में कहीं उतार लेना चाहता था ।उसकी दीवानी चीख में अपना नाम सुनकर पहली बार मुझे अपने ईश्वर सा होने का अहसास हुआ था । उसने पहली बार में अपनी जिंदगी मुझे सौंप दी थी । पूर्ण समर्पण पर स्त्रियों का ही अधिकार नहीं है पुरुष चाहे तो अपना सर्वस्व समर्पित कर सकता है । बिना चाह के ।
मगर लड़के ने इक गलत आदत डाल दी थी । उस बार के बाद मैंने पाया कि मेरे शब्द आदमखोर हो गए हैं । कि मेरी कलम सियाही नहीं खून मांगती है । मेरी कल्पना कातिल हो गयी है ।
मैंने उस लड़के को अपनी कहानी के लिए जिया...
अपने डायलॉग्स के लिए तकलीफें दीं...
अपने क्लाइमेक्स के लिए तड़पाया और कहानी के अंत के लिए एक दिन मैंने उसकी सांसें माँग लीं ।
मुझे जानना था कि दुखांत कहानी कैसे लिखी जाती है । ट्रेजेडी को लिखने के लिए उसे जीना जरूरी था । लड़के ने कोई प्रतिरोध नहीं किया । मैं उसकी चिता की रौशनी में कवितायें लिखता रहा । उसका बलिदान लेकिन मेरे दिल को कहीं छू गया था । फिर मैं उसकी आखरी निशानी को गंगा में नहीं बहा पाया...

इधर...
दिल के कब्रगाह में मौत और मुहब्बत का खतरनाक कॉम्बिनेशन था जो आप लोगों को बेतरह अपनी ओर खींचता था । आप लोग वार्निंग बोर्ड को इनविटेशन की तरह ले लेते थे । चूँकि आपके दिल में मेरे लिए बेपनाह मुहब्बत होती थी तो आप सब अभिमंत्रित रेखा के पार आराम से आ जाते थे ये जानते हुए भी कि इस रेखा से वापस जाने की कोई जगह नहीं होती । आप पूरी दुनिया के लिए गुम हो जाते थे । न परिवार न दोस्त आपके लिए मायने रखते थे ।मेरी कहानियाँ पढ़ते पढ़ते आप मेरे जैसे होने लगते थे ।इश्क़ में पूरी तरह डूबे हुए. ।
यूँ मैंने कब्रगाह पर एक गेट बना दिया था कि जिससे आप सब एक एक दाखिल हो सके मगर आप थ्रिल की तलाश में आये हुए लोग थे जिन्हें दीवार फांद कर अन्दर आने में अलग ही मज़ा आता था । ऊपर से आपके दिलों का इश्क़ कहानियों पर खुमार की तरह चढ़ता था ।
अक्सर इक हैंगोवर उतरने के पहले दूसरी शराब (कहानी) आपके होठों तक आ लगती थी । ये अजीब सी दुनिया थी जिसमें कहीं के कोई नियम काम नहीं करते ।

और अब ..
मुझे कभी कभी लगता है कि मैं पागल हो रहा हूँ । वो रेखा जो मैंने दुनिया की रक्षा के लिए खींची थी उसमें जान आने लगी है । अब वो मुझे बाहर नहीं जाने देती । आप सारे आशिक भी इमोशनल ब्लैकमेल करके मुझे दुनिया से अलग ही रखने लगे है ...
इक दुनिया में यूँ भी कई दुनियाओं का तिलिस्म खुलता है ना दोस्तों ?
ऐसा ही एक तिलिस्म मेरे दिल में है ।
ये कब्र के पत्थर नहीं प्रेमगीत हैं...
प्रेमपत्र हैं...
आखिरी...
के इश्क का इतना ही अहसान था कि किसी के जाने के बाद उसकी कब्र के ऊपर के अक्षर मेरी कलम से निकलते हैं । हर याद को बुन कर, गुन कर मैं लिखता हूँ ...
इश्क़ को बार बार जिन्दा करता हूँ आपके दिलों में ...
और जिन्दा करता हूँ ...
उन लम्हों को...
उन जगहों को...
सिगरेट के हर कश को जीता हूँ दुबारा...
तिबारा...
कई कई कई बार तक...

2 comments:

  1. Replies
    1. हौसला अफजाई के लिए शुक्रिया!!

      Delete