लड़की का सारा दिन इन्टरव्यूज़ करने में गुज़र गया था. फिर इमेल्स के जवाब लिखते लिखते सर दुखने लगा. घर से काम करने वाले दिन उसे अच्छे भी लगते थे और कोफ़्त भी होती थी. आज भी पिछली रात के कपड़े में ही सुबह से काम कर रही है. सारा दिन नहाना टालती रही. डेस्क से सर उठाया तो रात के दस बज चुके थे. फिर उसने माँ से फोन पर बात करते करते कूलर में पानी भरा. माँ से झूठ बोला की खाना तो वह खा चुकी है. फिर एक क्विक बाथ. सर अब भी दर्द हो रहा था. शायद उसके चश्मे का नंबर बढ़ गया है. उफ़, एक साल से आखों की जांच नहीं करवाई है. उसके जैसी कमज़ोर आँखों वाले 'ऑलमोस्ट ब्लाइंड' लोग भी इतना रिस्क ले लेते हैं, हैरान है वो खुद पर ! खैर, लड़की फिर अपनी प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठ गयी. अचानक नज़र पैरों के उँगलियों पर पड़ी. उफ़, नाखून इतने बढ़ चुके हैं जैसे वह लड़की नहीं ओरंगोटैन है ! हाथों के नाखून तो वह काम करते करते दातों से कुतरती रहती है, पैरों के नाखून जंगलियों की तरह बढ़े हुए रहते हैं. उसने तुरन्त नेलकटर उठाया और पैरों के नाखून काटने लगी. रात की उस अकेली घड़ी में उसके कमरे में सिर्फ एक घनघनाते कूलर की आवाज़ आ रही थी. लैपटॉप स्क्रीन उसके चश्मे पर चमक रही थी. नाखून काटते हुए एक पल को उसे लगा जैसे शायद वह अपने साथ वाकई बिल्कुल अकेली है. उसे माँ की बातें याद आई, उसे अचानक 'रतिनाथ की चाची' में पोखर में नहाता रतिनाथ याद आया, उसे 'अ थाऊजेंड टाइम्स गुड नाइट' की जूलिया बिनोशी याद आई. बिनोशी उन चुनिन्दा एक्टरस में से हैं जो अपने चेहरे पर गहरी पीड़ा को हल्की मुस्कुराहट से साथ उतार सकती हैं. फिल्म में बिनोशी बिल्कुल उसी की तरह काम और परिवार के फ्रंट्स पर लड़ती रहती हैं. फिर अचानक उसकी नज़र अपने पैर के अगूंठे पर पड़ी. चलते-चलते उसके पंजों की चमड़ी बहुत सख्त हो गयी थी और अंगूठे के नीचे एक छाला निकल आया था. दिनों-दिन पैर जूतों में बंद रहते हैं. और चलते रहते हैं., शायद इसलिए. लड़की ने एक बार अपने पंजों और हथेलियों को गौर से देखा. बिना किसी रंग और नमी के, उसके हाथ-पैर किसानों के हाथ-पैरों जैसे थे. थोड़े से सख्त और कटे-फटे लेकिन बहुत उपजाऊ. उसका मन हुआ की अपने हाथों को चूम ले और अपने पंजों को थैंक-यू बोले, उसके जूतों में इतने दिन बंद रहकर उसके साथ चलने के लिए !
#eD


0 comments: