इरफान की आंखों की सूजन के आशिकों
इरफान की आंखों की सूजन के आशिकों,
अभी जीपीओ पर चौथाई सदी से गुलजार एक शराब की दुकान के पास से गुजरा. बगल की दुकाने दयनीय थी क्योंकि उनके पास ग्राहकों को बुलाने का "इतना पुख्ता इतना मदिर" आत्मविश्वास नहीं था. अाज देखा एक दुकान पर नया चमकदार बोर्ड है पीके फोटोकॉपियर. शो केस में सजी बोतलों के बगल में अजी पीके! क्या आइडिया है बिना सिलवट के चिपकता हुआ. सोच के रास्ते गोपनीय हैं इसलिए कहता हूं न जाने क्यों लगा कि पीकू का नाम पीके की कामयाबी से प्रेरित है...
सबसे बड़ा झोल यही है कि फिल्म बिना यह बताए कि पीकू की अपने सिड़ी, आत्मकेंद्रित, जिंदगी में नंगई की हद तक दखल देने वाले, कागजी रैशनल पिता को इस कदर क्यों चाहती है, अतीत और आधुनिकता की समांतर गलियों में फंलागती रहती है. इस बुनियाद को बनाए बिना इमारत खड़ी कर दी गई है. सिर्फ पिता होने से ही कोई बेटी के लिए दुनिया से ऊपर नहीं हो जाता! और अमिताभ बच्चन किसी बंगालन के इलाहाबादी पति ही लगते हैं जो फिल्म के सबसे प्रेडिक्टिबल और पकाऊ एक्टर साबित हुए हैं...अगर लोग वा वा कर रहे हैं तो शायद कारण यही होगा कि जमाने को कहानी की बहुत जोर की तलब लगी है, लूली लंगड़ी भी मिले तो सुभानअल्लाह.


0 comments: