हमारी अधूरी कहानी
अपनी लम्बी- लम्बी मुस्कराहटों को
अपने होंठों पर समेटते हुए
उसने कहा,
तुम हंसते क्यों नहीं ?
और एक ठहाका बंद कमरे में तैरने लगा
कितनी अज़ीब बात है !
तुम चौबीस के हो ड्रिंक नहीं करते ?
कहते हुए,
उसके पतले होंठ थोड़े चौड़े हुए
और एक हंसी हवा में ठहर गई
उसके कमरे के बीचोबीच एक टेबल था
जिस पर दुनिया की
हर जरूरी और महत्वपूर्ण चीजें मौजूद थीं
जैसे कि नक्शा, कम्पास, घड़ी
सिगरेट, आइसक्यूब, वाइन की बोतलें
मैंने पूछा तुम मेकअप नहीं करती
उसने कहा ' नहीं '
मैंने पूछा तुम होंठलाली भी नहीं लगाती
उसने कहा ' नहीं '
मैंने कहा- तुम कितनी अज़ीब हो ?
उसकी हवा में ठहरी हुई हंसी दुबारा बिखरने लगी
ऐसा लगा ही नहीं कि हम पहली बार मिल रहे हैं
हमने देश- दुनिया की बातें की
हमने इज़राइल, हमास, फिलिस्तीन को जिया
गोधरा, गुजरात, मुज़फ्फरनगर की स्मृतियों को दोहराया
बावजूद इसके एक- दूसरे से प्रेम किया
बावजूद इसके- मैं भारत का था, वह पाकिस्तान की …
( अगली सुबह होने से पहले हमारे ठिकाने बदल दिए गए… फिर भी हमने एक दूसरे से प्रेम किया, एक दूसरे के देश की सीमाओं को छुआ, जिया, महसूस किया)


