मैने_गाँव_को_बदलते_देखा_है‬

11:00 AM Sunil Chaudhary 0 Comments

मैने_गाँव_को_बदलते_देखा_है‬

सुबह सुबह उठ कर माता पिता के चरण बन्दन करने वालों युवाओं को आठ बजे तक चद्दर तान कर सोते देखा है!

बासी रोटी गर्म दूध में मिलाकर खाने वाले बच्चों को ब्रेड में बटर लगा कर खाते देखा है!

मैने गाँव को बदलते देखा है....

प्रेम और समर्पण से बनी कच्ची दीवारों पर स्वार्थ का सीमेंट चढ़ते देखा है!

गाय के गोबर से लिपे हुए आँगन में इतरा के चलने वाली बड़की भौजी को संगमरमर की फर्श पर फिसलते देखा है!

मैने गाँव को बदलते देखा है...

लाल ईंट से बने उन रस्तों पर मचलने वाले अरमानों को तारकोल की सड़क पर घिसटते देखा है!

पिता की साईकिल पर शान से बैठ के उड़ने वाले लल्लू को नई मोटर साईकिल के लिए बूढ़े पिता की पेंशन पर नजरें गड़ाये देखा है!

मैने गाँव को बदलते देखा है...

चौपालो में अनवरत गूँजने वाले कहकहों को छोटे छोटे कमरों में सिमटते देखा है!

गाँव की हर खबर से वाकिफ सरपंच जी को अपने ही आवारा बेटे कि कोई खबर न मिलते देखा है!

मैंने गाँव को बदलते देखा है....

कुँवो पर इठला के पानी भरने वाली गाँव की गोरी को अब मोटर की पाइप से उलझते देखा है!

किस्से कहानियों में बच्चों के संग घुली मिली रहने वाली दादी को सास बहू के सीरियल में नजरें गड़ाये देखा है!

मैने गाँव को बदलते देखा है....




घर के आँगन में पूजी जाने वाली तुलसी को मनीप्लांट के आ जाने के बाद सूख जाते हुए देखा है!

गाँव भर को अपने भैसों के दूध दही से नहलाने वाली यादब जी की धर्मपत्नी को अब सबको पाउडर वाले दूध की चाय पिलाते देखा है!

मैने गाँव को बदलते देखा है..

जीवन भर अनुशासन और स्वाभिमान का पाठ सिखाने वाले मास्स साहब को बेटे के ससुराल से मिली मारुती में कपड़े रगड़ते देखा है!

शहरी परिवेश में पली बढ़ी बहु कही नराज न हो जाएं इसलिए बूढ़ी सास को तड़के उठकर नास्ता बनाते देखा है!

मैने गाँव को बदलते देखा है...

शहर की आपा धापी से परेशान ये जीवन के मुसाफिर गाँव में अब सुकुन की तलाश मत करना

मैंने गाँव की आबो हवा में भी अब शहर की जहरीली गैस को घुलते देखा है!

मैने गाँव को बदलते देखा है....

0 comments: