"प्यार में बस प्यार होता हैं और कुछ नही।"

5:57 AM Sunil Chaudhary 0 Comments

एक दोस्त हैं "गणेश" वो जिस से प्यार करता हैं, उसी का हुबहू एक स्केच बना दिया उसने। प्यार तो हम भी करते हैं ना तुमसे, बस येही सोचकर तुम्हारे स्केच बनाने की बात ने घर कर लिया। वैसे तुम्हे तो पता हैं हमसे तो बिना स्केल एक सीधी लाइन तक नही खिंची जाती।और हम बना रहे थे तुम्हारा स्केच। वाट तो लगनी ही थी।
काम बहुत मुश्किल था तो सबसे पहले हमने तुम्हारा सबसे अच्छा फोटो लिया। हाँ, वो फ़ोटो जिसमें तुम्हारी छोटी छोटी आँखों पर बड़ी सी चश्मा लगी हैं। फिर उसे कहीं देर तक देखते रहे, समझ ही नही आ रहा था कहाँ से शुरू करे। बड़ी देर गौर से देखने के बाद हमने तुम्हारे बाल बनाना शुरू किये। तुम्हे पता हैं तुम्हारे इन लम्बे बालों पर ग़जल लिखना आसान हैं, पर उन्हें कागज पर बनाना कसम से बहुत मुश्किल हैं।
तुम्हारे सुलझे हुए बालों में आँखे उलझ गई थी। मैंने अपनी उलझी हुई आँखों से फिर से तुम्हे देखा, और फिर अपनी अंगुलियों से पेंसिल को संभालने की कोशिश की, पर दिल की तरह आँखे और आँखों की तरह पेंसिल सब भटक चुके थे।
काफी देर तक माथापची करने के बाद मुझे लग गया की यहाँ पेंसिल से ज्यादा रबर का यूज़ हो रहा हैं तो मैंने खुद ही से कहा, "बेटा ये तुम्हारे बस की बात नही।" पर हमारा दिमाग जो हमारी कभी नही सुनता, वैसे सुनता तो हमारी कोई नही। तो दिमाग को क्या कहे अब, पर फाइनली हमारा दिमाग जो हमे हर बार खुद की बेज्जती करवाने के आइडियाज देता हैं,उसी से एक और आईडिया लिया गया।
"क्यूँ ना कोई स्केच सॉफ्टवेर डाउनलोड कर के तुम्हारा स्केच बनाये। फिर तो चुटकियों में बना लूँगा उसे कागज पर"
इस विचार के तुरन्त बाद हमने एक ऐसा सॉफ्टवेर खोज लिया।फाइनली तुम्हारा सबसे अच्छा फ़ोटो स्केच में कन्वर्ट किया गया। ऐसा लगा अब तो बना ही लेंगे। और फिर 30 मिनट में तुम्हारा स्केच तैयार था।हम पता नही क्या क्या बनाते गये। और आखिरी में जो बना वो तो देखकर हँसी ही आ गई। एक ऐसा स्केच जिसे देखकर कोई भी कह देता, ये तुम्हारे अलावा किसी का भी हो सकता हैं।
तुम भले ही कैसी भी हो, बस इस स्केच जैसी नही हो।फिर भी ये स्केच मुझे तुम्हारी याद दिलाता हैं। तुम्हे पता हैं, मुझे वो स्केच तुम्हारी फ़ोटो से भी ज्यादा पसंद हैं। उसी को कई दिनों तक अपना वॉलपेपर भी बना चुका हूँ।
तुम्हारे प्यार में की हर पागलपंती से प्यार हैं मुझे। उस स्केच से भी, जो तुम्हारे जैसा ना होकर तुम्हारा था। प्यार में कोई नही बनता शायर, ना ही कोई आर्टिस्ट। प्यार में लोग आशिक होते हैं और कुछ नही। काश कभी तुम समझ पाओ ये बेवकुपियाँ मेरी और कुछ नही बस प्यार ही तो थी।
कहीं सुना था तो बता रहा हूँ।
"प्यार में बस प्यार होता हैं और कुछ नही।"

0 comments: