कागज की कश्ती वाली लड़की
कागज की कश्ती"
मुसलाधार बारिश हुई थी 2 दिनो तक और पानी सड़क के ऊपर तक आ चूका था। वो लड़का उसी सड़क पर अपनी रबर की बॉल ढूंड रहा था। उम्र कोई 12-13 रही होगी उसकी। पानी उसकी कमर तक आ रहा था। तभी उसने एक छोटी सी लड़की देखी जो उसी की हमउम्र रही होगी। वो एकटक एक कागज की कश्ती को देखे जा रही थी।
वो उस लड़की को देखता ही रह गया। शायद पहली नजर का प्यार जैसा कुछ हुआ होगा। वो कमर तक आता पानी, उसे कागज की कश्ती वाली लड़की के प्यार में उसके गले तक डुबो रहा था। पानी में उसकी कश्ती जैसे ही लहराती, वैसे ही लड़की अपने आप को लहरा देती। उसकी कश्ती बहते बहते लड़के के पास आ गई।
लड़का अपनी बॉल को भूल चूका था। उसे प्यार हो गया था, उस कागज की कश्ती वाली लड़की से। उसने लड़की की कश्ती को जैसे ही छुने के लिए हाथ बढ़ाये। लड़की चिल्ला कर बोली,
"ओये मेरी नाँव को हाथ मत लगाना"
उसके हाथ जो कश्ती के इतने करीब थे, अब उतने ही दूर थे। लड़की अब भी उस तेरती कश्ती को बस एकटक देखे जा रही थी और लड़के का दिल उस पानी में डूब ही चूका था। तभी उसे कुछ सुझा वो एकदम घर की और भागा और जल्दी से एक ओर कागज की कश्ती बनाकर लाया। अब उसकी कश्ती भी उसी पानी में थी, जैसे ही लड़के की कश्ती लड़की की कश्ती के करीब पहुँची। लड़की की कश्ती पानी में डूबने लगी। लड़की का मुहँ उतर गया था।
लड़का जल्दी से पानी में उतरा लेकिन जब तक वो वहाँ पहुचता तब तक लड़की की कश्ती डूब चुकी थी। लड़की के चेहरा अब उतर ही गया था। तभी लड़का अपनी कश्ती के पास गया और उसने उसे भी डुबो दिया। अब उन दोनों की कश्तियाँ डूब चुकी थी। और लड़की लड़के की तरफ देख के हँस रही थी।
शायद इश्क में पड़ने के लिए डूबना जरुरी था। और उसने खुद को डुबो दिया था।


0 comments: