पहला प्रेम घाव बन जाता है और दूजा औषध

11:35 PM Sunil Chaudhary 0 Comments

ऐसा तो अक्सर ही होता है
कि पहला प्रेम घाव बन जाता है
और दूजा औषध
इस धारणा को मानें तो घाव के साथ ही मिट जाती है
जड़ी-बूटी की भी ज़रूरत
हरे हो जाते घाव ऐसे मौसमों में
जो अब तक सूख चले थे
गाहे-बगाहे तड़कते रहते बिजलियों के साथ ही
जबकि याद में तक नहीं दर्ज रहतीं वो हरी जड़ी बूटियाँ
जिन पर इन दिनों जंगलों तक से गायब होने का संकट मंडरा रहा है
कुछ लोग नदियों में डुबकी लगाकर
जीवन की पीड़ा इत्यादि से मुक्त हो जाते हैं
कई तो सूखी भी होती हैं नदियाँ
इतनी सूखी कि उनमें कोई नहीं डूबता
ये खुद में ही डूब कर मर जाती हैं
कुछ नदियाँ लोगों को पार लगा देती हैं
कुछ लोग नदियों को पार लगा देते हैं
कई नदियों के नाम ही मिटते जा रहे नक़्शे से
बहुत सी जड़ी-बूटियाँ भी मिट चलीं सूची से
हौले-हौले फूँक कर मिटा दे अस्तित्त्व
प्रेम शायद ऐसे ही किसी इरेज़र का नाम होगा
कोरे काग़ज़ों पर लिखा जाता है चमकते अक्षरों में
नदी किनारे बसी उन गौरवशाली सभ्यताओं का इतिहास
जिसकी नींव
हो न हो ! किसी तैराक ने ही रखी होगी
चलिये फिर !
लहलहाती फ़सलों की बात करें
बल खाती लहरों की बात करें
सजी-सँवरी नहरों की बात करें
नए-नवेले फूलों की बात करें
बारिश की, शहरों की बात करें
लिखी हुई बातों की बात करें
मिटी हुई चीज़ों पर इतना क्या सोचना
जाने भी दें
मार्स और प्लूटो की बात करें

0 comments: